बंगाल में खूनी खेल! सुवेंदु अधिकारी के PA की गोलियों से छलनी कर हत्या, मां बोलीं- ममता की हार का लिया बदला

पश्चिम बंगाल: में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक माहौल लगातार हिंसक होता जा रहा है। अब भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

चंद्रनाथ रथ की हत्या बुधवार रात करीब 10:30 बजे उस समय हुई, जब वे कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, डोलतला इलाके में एक संदिग्ध कार ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोक लिया। उसी दौरान बाइक पर पहुंचे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

सीने को चीरती हुई निकलीं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावरों ने 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। दो गोलियां चंद्रनाथ रथ के सीने से आर-पार हो गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी गोली लगने से घायल हुए हैं और फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।

हमले के बाद हमलावर मौके पर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने उस कार को जब्त कर लिया है, लेकिन जांच में उसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई।

मां का बड़ा आरोप

घटना के बाद चंद्रनाथ रथ की मां का बयान सामने आया, जिसने पूरे मामले को और राजनीतिक बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुवेंदु अधिकारी द्वारा ममता बनर्जी को चुनाव में हराने का बदला उनके बेटे से लिया गया।

उन्होंने कहा, “मेरे बेटे की हत्या राजनीतिक बदले की भावना से की गई है।”

इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने भी तृणमूल कांग्रेस पर सीधे निशाना साधना शुरू कर दिया।

प्रोफेशनल शूटर्स का शक

फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट बेहद चौंकाने वाले हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हमलावरों ने ग्लॉक 47X जैसी आधुनिक पिस्टल का इस्तेमाल किया। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के हथियारों का इस्तेमाल आम अपराधी नहीं करते।

जिस तरह से कार रोककर बेहद नजदीक से गोलियां चलाई गईं, उससे यह हमला पूरी तरह प्लान्ड और प्रोफेशनल लग रहा है। बाइक सवार हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी।

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चंद्रनाथ रथ की स्कॉर्पियो सड़क से गुजरती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य सबूत भी जुटाए हैं।

3 लोग हिरासत में

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ जारी है और जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

एक घंटे बाद BJP कार्यकर्ता पर भी हमला

चंद्रनाथ रथ पर फायरिंग के लगभग एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी हमला हुआ। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

4 मई को चुनावी नतीजों के बाद से अब तक बंगाल में पांच राजनीतिक हत्याएं हो चुकी हैं। इनमें तीन भाजपा और दो TMC से जुड़े लोगों की मौत हुई है।

सुवेंदु अधिकारी का बड़ा बयान

सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को “प्लान्ड मर्डर” बताया है। उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक रेकी की गई थी और फिर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में “गुंडों की सफाई” करेगी।

BJP का हमला, TMC ने मांगी CBI जांच

भाजपा ने TMC पर “माफिया कल्चर” फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जब भी TMC को राजनीतिक झटका लगता है, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जाता है।

वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए मामले की कोर्ट मॉनिटरिंग में CBI जांच की मांग की है। TMC सांसद सौगत रॉय ने घटना को दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सड़कों पर उतरे BJP कार्यकर्ता

हत्या के विरोध में पश्चिम मेदिनीपुर समेत कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सालबोनी में करीब 200 कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध जताया। पुलिस ने बाद में समझाकर जाम हटवाया।

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है। चुनावी नतीजों के बाद बढ़ती हिंसा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और संभावित CBI जांच पर टिकी है कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल हत्या के पीछे कौन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *