भारत से हार के बाद पाकिस्तान का पलटवार! नामीबिया को 102 रन से रौंदा, सुपर 8 में आखिरी एंट्री पक्की

पाकिस्तान बनाम नामीबिया: मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 रन से बड़ी जीत दर्ज की और सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली। कोलंबो में खेले गए इस लीग स्टेज मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए, जिसके जवाब में नामीबिया की टीम सिर्फ 97 रन पर सिमट गई।

फरहान का पहला वर्ल्ड कप शतक

पाकिस्तान की जीत के नायक रहे साहिबजादा फरहान, जिन्होंने 58 गेंदों में नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के लगाए। खास बात यह रही कि 50 से 100 रन तक पहुंचने में उन्हें सिर्फ 20 गेंदें लगीं।

फरहान वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पाकिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले 2014 में मीरपुर में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़ा था।

कप्तान सलमान और शादाब का साथ

कप्तान सलमान आगा ने 38 रन की अहम पारी खेली और फरहान के साथ 67 रन की साझेदारी की। वहीं अंत में शादाब खान ने नाबाद 36 रन बनाकर 81 रन की साझेदारी निभाई। शादाब ने अंतिम ओवरों में दो छक्के लगाकर टीम को 199 तक पहुंचाया।

शुरुआती ओवरों में पाकिस्तान ने सतर्क बल्लेबाजी की और पावरप्ले में 47 रन ही बना सके। लेकिन मध्य ओवरों में रनगति तेज कर दी गई।

नामीबिया 97 पर ढेर

200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम दबाव नहीं झेल सकी और 97 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान तारिक ने 4 विकेट झटके, जबकि शादाब खान ने 3 विकेट लिए। सलमान मिर्जा और मोहम्मद नवाज को एक-एक सफलता मिली।

भारत से हार के बाद वापसी

इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान को चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन टीम ने शानदार वापसी करते हुए नामीबिया के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। टीम मैनेजमेंट ने इस मैच में कुछ बदलाव भी किए, जिसमें ख्वाजा नफे को मध्यक्रम में मौका दिया गया।

सुपर 8 की सभी टीमें तय

इस जीत के साथ पाकिस्तान सुपर 8 में पहुंचने वाली आखिरी टीम बन गई। साथ ही अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भी डायरेक्ट क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया।

पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि टीम बड़े टूर्नामेंट में वापसी करना जानती है। साहिबजादा फरहान का शतक और गेंदबाजों की धार ने सुपर 8 का रास्ता आसान कर दिया।

अब सुपर 8 में पाकिस्तान का प्रदर्शन कैसा रहेगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *