पंजाब: की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अमृतसर में कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि चार साल के कार्यकाल में सरकार जनता से किए गए कई बड़े वादों को पूरा करने में विफल रही है।
अमृतसर कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पूर्व मंत्री अनिल जोशी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मदान मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा।
महिलाओं को 1000 रुपए देने के वादे पर सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आम आदमी पार्टी सरकार पर महिलाओं के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि राज्य की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
औजला ने कहा कि सरकार को सत्ता में आए चार साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक इस योजना को लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अगर हर महीने महिलाओं को 1000 रुपए दिए जाते तो चार साल में प्रत्येक महिला को 48,000 रुपए मिल चुके होते।
उन्होंने इसे महिलाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा बताया और कहा कि मुख्यमंत्री को नए वादे करने से पहले पुराने वादे पूरे करने चाहिए। औजला ने कहा कि सरकार को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए और जल्द से जल्द इस योजना को लागू करना चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि सरकार ने ‘स्कूल ऑफ एमीनेन्स’ योजना का प्रचार तो खूब किया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में केवल रंग-रोगन करके उन्हें नया नाम दे दिया गया है। कई स्कूलों में स्थायी प्रिंसिपल तक नहीं हैं और शिक्षकों की कमी भी बनी हुई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय सरकार केवल प्रचार पर ज्यादा ध्यान दे रही है।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य के कई सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के कई वादे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी भी कई समस्याएं मौजूद हैं।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार घिरी
कांग्रेस नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
नेताओं का कहना था कि कई ग्रामीण इलाकों में लोग शाम के बाद घर से निकलने में भी डर महसूस करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और प्रशासनिक अधिकारियों पर बाहरी दबाव के कारण वे स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे।
कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि जहां अन्य राजनीतिक दल आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट है।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस जिस भी उम्मीदवार को टिकट देगी, पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर उसे जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि पंजाब को मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए कांग्रेस के धर्मनिरपेक्ष और विकासवादी दृष्टिकोण का समर्थन करें।