गोंडा में जीजा-साली की शादी से मचा हड़कंप! VIDEO जारी कर लड़की बोली- मैं 22 साल की हूं, घरवालों ने झूठा केस कराया

उत्तर प्रदेश: के गोंडा जिले में जीजा और साली की शादी का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब युवती और उसके जीजा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने रिश्ते और शादी को लेकर कई दावे किए। वीडियो में युवती ने खुद को बालिग बताते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और उसे किसी ने भगाया नहीं है।

पूरा मामला गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के डिडिसिया कला गांव का बताया जा रहा है। यहां की रहने वाली पूनम नाम की युवती ने अपने ही जीजा राजेश कुमार दुबे के साथ शादी कर ली। दोनों के इस फैसले से परिवार और गांव में हलचल मच गई है।

परिवार ने दर्ज कराया था केस

इस मामले की शुरुआत 26 फरवरी को हुई थी। युवती के पिता संतराम ने तरबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनका दामाद राजेश कुमार दुबे उनकी बेटी को भगा ले गया है। शिकायत में बताया गया कि राजेश किसी रिश्तेदारी की बारात में शामिल होने आए थे, लेकिन रास्ते से वापस आकर उन्होंने उनकी बेटी को घर से भगा लिया।

परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजेश कुमार दुबे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। परिवार का कहना था कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।

वायरल वीडियो ने बदली कहानी

मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पूनम और राजेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में पूनम ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह 22 साल की है और पूरी तरह बालिग है।

पूनम ने वीडियो में कहा कि वह अपनी मर्जी से राजेश के साथ गई है और उसी से शादी की है। उसने यह भी कहा कि उनके रिश्ते के बारे में दोनों परिवारों को पहले से जानकारी थी।

युवती ने कहा कि घरवालों ने उसकी उम्र गलत बताकर केस दर्ज कराया है। उनके मुताबिक परिवार ने पुलिस में उसकी उम्र 16 साल बताई, जबकि वह 22 साल की है।

3-4 साल से चल रही थी बातचीत

वीडियो में राजेश कुमार दुबे ने भी अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं और उन्होंने पूनम को भगाया नहीं है।

राजेश ने बताया कि पिछले तीन से चार साल से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी और दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। उनके मुताबिक दोनों परिवारों को इस बारे में पहले से जानकारी थी।

उन्होंने यह भी कहा कि उनके घर के लोग, माता-पिता और भाई-भाभी इस बात से अवगत थे। यहां तक कि उनकी पत्नी को भी इस रिश्ते की जानकारी थी।

लड़की ने कहा- मुझे कोई अलग नहीं कर सकता

वीडियो में पूनम ने कहा कि वह जहां भी है, सुरक्षित है और किसी दबाव में नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसे कोई भी राजेश से अलग नहीं कर सकता।

युवती ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और यह फैसला उसने सोच-समझकर लिया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले को लेकर तरबगंज थाना अध्यक्ष कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस युवती को बरामद करने का प्रयास कर रही है। जब युवती मिल जाएगी, तो उसका बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार कोर्ट में दिए गए बयान और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

गांव और इलाके में चर्चा का विषय

जीजा और साली की शादी का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। गांव के लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने इस मामले को और ज्यादा सुर्खियों में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *