सीकर में सनसनीखेज मर्डर: अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी का गला घोंटा, सुसाइड का ड्रामा करने के लिए खुद को चाकू मारा

राजस्थान: के सीकर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने सुनियोजित तरीके से अपनी पत्नी की हत्या कर दी और बाद में खुद पर हमला कर आत्महत्या का नाटक रचने की कोशिश की।

यह मामला सीकर जिले के रानोली थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार सुबह गोरिया रेलवे अंडरपास के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।

पति और उसके साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रानोली थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने अजय मेघवाल (25) और उसके सहयोगी दीपक कुमार शर्मा (21) को गिरफ्तार किया है।

अजय मेघवाल पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी ममता की हत्या की, जबकि दीपक ने इस वारदात में उसकी मदद की। फिलहाल दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

तीन साल पहले की थी लव मैरिज

मृतका ममता और आरोपी अजय मेघवाल दोनों एक ही गांव परसरामपुरा के रहने वाले थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।

परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने साल 2022 में लव मैरिज कर ली थी। इस संबंध में उस समय ममता के परिवार वालों ने नवलगढ़ थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी

शादी के बाद ममता अपने पति अजय के साथ रहने लगी और दोनों कुछ समय तक सीकर में रहे। बाद में दोनों जयपुर में किराए के मकान में रहने लगे

पत्नी पर अवैध संबंध का करता था शक

जयपुर में रहने के दौरान अजय वेल्डिंग का काम करता था, जबकि ममता ने भी एक प्राइवेट कंपनी में कॉलिंग का काम शुरू कर दिया था।

इसी दौरान अजय को शक होने लगा कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद और झगड़े भी हुए।

ममता ने पति के शक और विवाद से परेशान होकर अपनी नौकरी भी छोड़ दी, लेकिन इसके बावजूद अजय का शक कम नहीं हुआ।

दोस्त के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार अजय ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश पहले से ही बना ली थी। इसके लिए उसने अपने गांव के युवक दीपक कुमार शर्मा को जयपुर बुलाया और उससे गाड़ी लेकर आने को कहा।

इसके बाद अजय अपनी पत्नी ममता को लेकर उसी गाड़ी में जयपुर से रवाना हुआ।

रास्ते में उसने ममता को किसी चीज में मिलाकर नींद की गोली देने की कोशिश की, ताकि वह बेहोश हो जाए। लेकिन गोली का उस पर कोई असर नहीं हुआ।

दुपट्टे से घोंटा गला

जब ममता बेहोश नहीं हुई तो अजय ने गाड़ी में ही दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी

इसके बाद आरोपी ने शव को सीकर के गोरिया रेलवे अंडरपास के पास फेंक दिया और अपने दोस्त दीपक को वहां से गाड़ी लेकर वापस भेज दिया।

आत्महत्या का नाटक करने की कोशिश

हत्या करने के बाद अजय को डर था कि पुलिस उसे पकड़ सकती है। इसलिए उसने पहले खुदकुशी करने का फैसला किया।

वह नजदीकी रेलवे ट्रैक की ओर गया और ट्रेन के सामने आने का प्रयास किया। लेकिन वहां फेंसिंग लगी होने के कारण वह पटरियों तक नहीं पहुंच पाया

इसके बाद उसने अपने पास रखे चाकू से अपने हाथ और गले पर कट लगा लिए, ताकि यह लगे कि उस पर हमला हुआ है।

खुद ही एंबुलेंस को किया फोन

जब उसे घावों में दर्द होने लगा तो उसने खुद ही 108 एंबुलेंस और पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर दिया और बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है।

जब एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा। आसपास तलाश करने पर कुछ दूरी पर महिला का शव पड़ा मिला।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू हुई।

पुलिस जांच में हुआ खुलासा

पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की तो पूरी साजिश सामने आ गई। जांच के दौरान रानोली पुलिस थाना के कांस्टेबल चंद्रभान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *