धर्मशाला में दिखा ‘हिटमैन’ क्रेज! रोहित शर्मा को देखने उमड़ी भीड़, तिलक वर्मा ने जीता फैंस का दिल

आईपीएल 2026: के रोमांचक मुकाबलों के बीच मंगलवार को मुंबई इंडियंस (MI) की टीम हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर धर्मशाला पहुंच गई। एचपीसीए स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम का भव्य स्वागत देखने को मिला। धर्मशाला एयरपोर्ट के बाहर सैकड़ों क्रिकेट फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे।

हालांकि इस सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम और खासकर रोहित शर्मा के प्रति फैंस की दीवानगी में कोई कमी नहीं दिखी। एयरपोर्ट के बाहर “मुंबई-मुंबई” और “रोहित-रोहित” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

विशेष विमान से पहुंची मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस की टीम चंडीगढ़ से एलायंस एयर के विशेष विमान के जरिए कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची। टीम के खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बस की ओर बढ़े।

जैसे ही रोहित शर्मा एयरपोर्ट से बाहर आए, प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई फैंस अपने हाथों में पोस्टर और जर्सियां लिए खड़े थे। कुछ लोग सिर्फ रोहित की एक झलक पाने के लिए घंटों पहले से एयरपोर्ट के बाहर जमा थे।

बिना रुके होटल रवाना हुए रोहित शर्मा

फैंस को उम्मीद थी कि रोहित शर्मा उनसे मिलेंगे या ऑटोग्राफ देंगे, लेकिन सुरक्षा कारणों से ऐसा संभव नहीं हो पाया। रोहित सीधे अपनी लग्जरी टीम बस में बैठे और होटल रेडिसन ब्लू के लिए रवाना हो गए।

हालांकि रोहित के फैंस थोड़े निराश जरूर नजर आए, लेकिन अपने पसंदीदा खिलाड़ी को सामने देखकर उनका उत्साह कम नहीं हुआ। कई प्रशंसकों ने मोबाइल कैमरे में रोहित की तस्वीरें और वीडियो कैद किए।

तिलक वर्मा ने जीता फैंस का दिल

जहां रोहित सुरक्षा कारणों से फैंस से नहीं मिल सके, वहीं मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। तिलक वर्मा एयरपोर्ट के बाहर कुछ देर रुके और फैंस के साथ सेल्फी ली।

उन्होंने कई युवा क्रिकेट प्रेमियों को ऑटोग्राफ भी दिए। तिलक के इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है।

इसके अलावा खिलाड़ी नमनधीर ने भी स्थानीय युवाओं के साथ क्रिकेट को लेकर बातचीत की। चोट से वापसी कर रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने भी फैंस का अभिवादन स्वीकार किया।

स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई इंडियंस टीम

धर्मशाला पहुंची मुंबई इंडियंस टीम में कप्तान हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, टिम डेविड और अन्य बड़े खिलाड़ी भी शामिल रहे।

टीम बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि पंजाब किंग्स प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी, जबकि मुंबई इंडियंस सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

दुनिया के सबसे खूबसूरत मैदान पर मुकाबला

धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। बर्फ से ढके पहाड़ों और ठंडी हवाओं के बीच क्रिकेट देखने का अनुभव फैंस के लिए बेहद खास होता है।

आईपीएल मैचों के दौरान यहां का माहौल और भी शानदार हो जाता है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैच देखने धर्मशाला पहुंचते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के धर्मशाला पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। खासकर रोहित शर्मा और तिलक वर्मा से जुड़े वीडियो को फैंस खूब शेयर कर रहे हैं।

कुछ यूजर्स ने लिखा कि “रोहित शर्मा का क्रेज आज भी वैसा ही है”, जबकि कई लोगों ने तिलक वर्मा की सादगी और फैंस के प्रति व्यवहार की तारीफ की।

पंजाब किंग्स से होगा कड़ा मुकाबला

मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। पंजाब की टीम इस समय बेहतर फॉर्म में नजर आ रही है, जबकि मुंबई लगातार संघर्ष करती दिखी है।

फिर भी क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और धर्मशाला की पिच पर कोई भी टीम बाजी पलट सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *