एक दिन का ट्रेलर रिलीज: प्यार, यादें और दर्द का संगम; साई पल्लवी-जुनैद की केमिस्ट्री ने छुआ दिल

आमिर खान: प्रोडक्शन्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म “एक दिन” का दूसरा ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में एक ऐसी लव स्टोरी दिखाई गई है, जो सिर्फ प्यार तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें दर्द, अधूरापन और समय की नजाकत भी गहराई से जुड़ी हुई है।

फिल्म की कहानी एक साधारण लेकिन दिल को छू लेने वाले रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है। जुनैद खान फिल्म में रोहन नाम के एक शर्मीले युवक की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपनी ही ऑफिस में काम करने वाली मीरा (साई पल्लवी) से चुपचाप प्यार करता है। रोहन की झिझक और मीरा के प्रति उसकी मासूम भावनाएं ट्रेलर में बेहद खूबसूरती से दिखाई गई हैं।

कहानी में असली मोड़ तब आता है जब ऑफिस ट्रिप के दौरान दोनों जापान जाते हैं। वहीं मीरा का एक गंभीर एक्सीडेंट हो जाता है, जिसके बाद उसे एक दुर्लभ मेडिकल कंडीशन ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया (TGA) हो जाती है। इस बीमारी के कारण मीरा अपनी याददाश्त खो देती है और सिर्फ रोहन को ही याद रख पाती है—क्योंकि वही उसकी जान बचाता है।

यहां से फिल्म की कहानी एक भावनात्मक सफर में बदल जाती है। रोहन जानता है कि मीरा हर अगले दिन सब कुछ भूल जाएगी, लेकिन फिर भी वह उस एक दिन को उसके लिए खास बनाने की पूरी कोशिश करता है। यह “एक दिन” ही फिल्म की आत्मा बन जाता है, जिसमें हर दिन एक नई शुरुआत और हर बार एक नया बिछड़ना छिपा होता है।

ट्रेलर में साई पल्लवी और जुनैद खान के बीच की केमिस्ट्री बेहद इमोशनल और दिल को छू लेने वाली दिखाई गई है। खास बात यह है कि यह कोई परफेक्ट लव स्टोरी नहीं है, बल्कि इसमें अधूरापन और दर्द ही इसकी खूबसूरती बनते हैं। जुनैद का किरदार रोहन दर्शकों को यह महसूस कराता है कि सच्चा प्यार समय या यादों का मोहताज नहीं होता।

फिल्म के निर्माण की बात करें तो इसे आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। खास बात यह है कि आमिर खान और मंसूर खान लंबे समय बाद एक साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी हिट फिल्मों में साथ काम किया है।

फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जिन्होंने इस कहानी को बेहद संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारने की कोशिश की है। ट्रेलर में जापान की खूबसूरत लोकेशन्स, बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी भी दर्शकों को आकर्षित करती है।

यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर देखने के बाद यह साफ है कि “एक दिन” सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशनल अनुभव होने वाली है, जो दर्शकों को प्यार और यादों की अहमियत का एहसास कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *