Paytm का बड़ा कदम: अब बच्चे भी बिना बैंक अकाउंट कर सकेंगे UPI पेमेंट
भारत: में डिजिटल पेमेंट को और आसान और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Paytm ने टीनेजर्स के लिए नया ‘Paytm Pocket Money’ फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से अब बच्चे और किशोर बिना खुद का बैंक अकाउंट खोले सुरक्षित तरीके से यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे।
फिनटेक कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने सोमवार, 18 मई को इस फीचर की आधिकारिक घोषणा की। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य बच्चों को छोटी उम्र से डिजिटल पेमेंट और जिम्मेदार वित्तीय आदतों से जोड़ना है।
पैरेंट्स के पास रहेगा पूरा कंट्रोल
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि बच्चों के खर्च पर पूरा कंट्रोल पैरेंट्स के पास रहेगा।
पैरेंट्स अपने Paytm ऐप के जरिए बच्चों के लिए मंथली खर्च सीमा तय कर सकेंगे। वे हर ट्रांजैक्शन को रीयल-टाइम में ट्रैक भी कर पाएंगे।
यदि किसी समय जरूरत महसूस हो, तो पैरेंट्स खर्च की लिमिट बढ़ा या घटा सकते हैं। यहां तक कि वे बच्चों का एक्सेस तुरंत ब्लॉक भी कर सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक, यह फीचर परिवारों को सुरक्षित और रेगुलेटेड डिजिटल पेमेंट एक्सेस देने के लिए डिजाइन किया गया है।
अब OTP मांगने की जरूरत नहीं
अक्सर बच्चे ऑनलाइन पेमेंट करते समय पैरेंट्स का फोन मांगते हैं या ओटीपी शेयर करवाते हैं। लेकिन इस फीचर के आने के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी।
फीचर एक्टिवेट होने के बाद टीनेजर्स अपने फोन में पेटीएम ऐप का इस्तेमाल कर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे।
उन्हें अब QR कोड व्हाट्सएप पर भेजने या पैरेंट्स का फोन लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रोजमर्रा के खर्च होंगे डिजिटल
भारत में टीनेजर्स अब स्कूल-कॉलेज कैंटीन, मेट्रो किराया, मोबाइल रिचार्ज, कैब बुकिंग और छोटे-मोटे शॉपिंग खर्चों के लिए तेजी से डिजिटल पेमेंट की ओर बढ़ रहे हैं।
अब तक कई बच्चे इन खर्चों के लिए नकद पैसे या पैरेंट्स पर निर्भर रहते थे। लेकिन ‘Paytm Pocket Money’ फीचर उन्हें एक स्वतंत्र और सुरक्षित विकल्प देगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इससे बच्चों में छोटी उम्र से फाइनेंशियल डिसिप्लिन और खर्च मैनेजमेंट की समझ विकसित होगी।

₹15,000 की मंथली लिमिट
इस फीचर के तहत एनपीसीआई के ‘UPI Circle’ सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है।
पैरेंट्स अपने बच्चों को यूपीआई सर्कल के जरिए इनवाइट कर सकते हैं। इसके बाद बच्चों के अकाउंट पर अधिकतम 15,000 रुपए की मासिक खर्च सीमा तय की जा सकती है।
वहीं एक बार में अधिकतम 5,000 रुपए तक का भुगतान किया जा सकेगा।
यह सुविधा सेविंग्स और करंट दोनों प्रकार के बैंक अकाउंट्स पर उपलब्ध होगी। हालांकि इंटरनेशनल पेमेंट और कैश विड्रॉल की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा के लिए खास इंतजाम
Paytm ने फीचर में कई इन-बिल्ट सेफ्टी फीचर्स जोड़े हैं ताकि बच्चों को ऑनलाइन फ्रॉड और गलत ट्रांजैक्शन से बचाया जा सके।
फीचर एक्टिवेट होने के पहले 30 मिनट में केवल 500 रुपए तक और पहले 24 घंटे में अधिकतम 5,000 रुपए तक के ट्रांजैक्शन की अनुमति होगी।
इसके अलावा:
- डिवाइस लॉक होना जरूरी होगा
- इंटरनेशनल पेमेंट ब्लॉक रहेंगे
- पैरेंट्स यूपीआई पिन के जरिए कभी भी एक्सेस रोक सकेंगे
कंपनी का कहना है कि इन उपायों से बच्चों को सुरक्षित डिजिटल अनुभव मिलेगा।
क्या है UPI Circle?
National Payments Corporation of India द्वारा शुरू किया गया ‘UPI Circle’ एक ऐसी तकनीक है, जिसमें मुख्य बैंक अकाउंट होल्डर अपने परिवार के किसी सदस्य को सीमित डिजिटल पेमेंट एक्सेस दे सकता है।
इसमें पूरा नियंत्रण प्राइमरी अकाउंट होल्डर के पास ही रहता है। यानी बच्चे भुगतान कर सकेंगे, लेकिन पैरेंट्स हर गतिविधि पर नजर रख पाएंगे।
खर्च की पूरी रिपोर्ट भी मिलेगी
यह फीचर Paytm Spend Summary के साथ इंटीग्रेटेड है। यानी ऐप हर खर्च को अलग-अलग कैटेगरी में ऑटोमैटिकली विभाजित करेगा।
इससे परिवार यह समझ पाएंगे कि पैसे कहां खर्च हो रहे हैं और पॉकेट मनी का बेहतर बजट मैनेजमेंट कर सकेंगे।