नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। दिल्ली-NCR, उत्तराखंड और केरल समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अलग-अलग इलाकों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, भारत के पड़ोसी देश चीन में भी भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है और कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है।
दिल्ली-NCR में मंगलवार को भी मानसून ट्रफ का असर बने रहने की संभावना है। इसके चलते राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना
सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ रुक-रुककर बारिश होती रही।
सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, शाहदरा और साउथ दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, दोपहर के समय कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
आईटीओ समेत दिल्ली के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
केरल में कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
केरल में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
इन इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना बताई गई है।
वहीं, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, पलक्कड़ और कासरगोड में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश की संभावना है।
मंगलवार को पठानमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में सतर्कता बरतने की सलाह है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
इसके अलावा राज्य के पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मिट्टी धंसने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

उत्तराखंड में कई जगह दर्ज हुई बारिश
सोमवार को उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। यमकेश्वर में 35 मिमी, चोरगलिया में 29 मिमी और चालथी में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा पोखरी में 21 मिमी, काशीपुर और रिखणीखाल में 19-19 मिमी, कनालीछीना में 18.5 मिमी, देहरादून में 8.5 मिमी और नैनीताल में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
मौसम विभाग और आपदा राहत एजेंसियों ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। भूस्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
लोगों को तेज बारिश के दौरान झरनों, नदियों, जलाशयों और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने को कहा गया है। तेज हवाओं के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर ढांचे गिरने का खतरा भी बना रहता है।
चीन में भी बारिश से हालात बिगड़े
भारत के अलावा चीन और उत्तरी वियतनाम में भी भारी बारिश ने परेशानी बढ़ा दी है। तूफान नारा के प्रभाव से चीन के दक्षिणी गुआंग्शी क्षेत्र और उत्तरी वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी है।
भारी बारिश के कारण चीन में करीब 54 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि 8,087 लोगों को आपातकालीन शिविरों में रखा गया है।
वियतनाम में भी कई दिनों से जारी बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत और 4,300 से अधिक परिवारों के विस्थापित होने की जानकारी सामने आई है।
चीन की 15 नदियां चेतावनी सीमा से ऊपर
चीन में बाढ़ की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 15 नदियों का जलस्तर चेतावनी सीमा से ऊपर पहुंच गया है।
गुआंग्शी, ग्वांगडोंग, हैनान और फुजियान में बुधवार तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम अधिकारियों के अनुसार, तूफान नारा सीधे तट से टकराने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से उत्तरी इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

